: पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल की पुत्रवधू भी हो सकती अध्यक्ष पद की संभावित दावेदार : सूत्र
: पार्टी स्तर से लिए गए निर्णय के अनुसार ही लिया जाएगा फैसला : ओपी उनियाल
मसूरी – नगर पालिका अध्यक्ष की सीट ओबीसी महिला आरक्षित किए जाने के अनंतिम अधिसूचना के 24 घंटे बाद ही भाजपा, कांग्रेस पदाधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने इसका पुरजोर विरोध किया है।
कुलड़ी बाजार स्थित होटल नीलम रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में नगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष जसबीर कौर एवं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष पुष्प पड़ियार ने बताया कि नगर पालिका सीट महिलाओं के लिए आरक्षित करना स्वागत योग्य कदम है, लेकिन ओबीसी महिला के लिए प्रस्तावित आरक्षण नियम विरुद्ध है। कहा कि नगर पालिका के वार्डो का आरक्षण भी नियम विरुद्ध किया गया है जिसका विरोध कर शीघ्र ही आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।
पत्रकार वार्ता में निधि बहुगुणा, पुष्पा पुंडीर, लीला कंडारी, सुनीता तेलवाल, रितु खुल्लर, माधुरी टम्टा आदि मौजूद रहे।
वही बदलते घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ० रमेश पोखरियाल निशंक की पुत्री एवं मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओपी उनियाल की पुत्रवधू विदुषी निशंक भी अध्यक्ष पद की संभावित उम्मीदवार मानी जा रही है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल ने बताया कि उनकी पुत्रवधू का गृहक्षेत्र भी ओबीसी के दायरे में आता है। कहा कि यदि इस संबंध में पार्टी स्तर से कोई निर्णय लिया जाता है तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।