उत्तरकाशी – राज्य की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में दलबदलुओं को सबक सिखाएगी जिन्होंने अपनी निजी महत्वकांक्षाओं के चलते राज्य की जनता के साथ विश्वासघात किया है।
उत्तरकाशी में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने स्थानीय जनता का आहवान करते हुए कहा की यह भगवान शिव की भूमि है जिस प्रकार से माता सती की मृत्यु के बाद भोलेनाथ ने तांडव कर अपना रौद्र रूप दिखाया था ठीक उसी प्रकार से पहाड़ की बेटी अंकिता भंडारी के न्याय की हुंकार भी शिव की भूमि से भरनी चाहिए। उन्होंने कहा की एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार महिला अपराध के मामलों में देश के नौ हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड पहले तथा पूरे देश में छठवे नंबर पर है जो की हम सबके के लिए चिंता का विषय है। कहा की केन्द्र सरकार की अग्निवीर योजना ने देश के युवाओं को गुमराह किया है वही प्रदेश की सरकार घोटालों में लिप्त है।
कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुंसोला ने कहा की टिहरी लोकसभा चुनाव राजतंत्र व भ्रष्टतंत्र के बीच लड़ा जा रहा है, कहा की वर्तमान सांसद ने पूरे क्षेत्र को विकास से उपेक्षित रखा है। जनसभा को मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल सहित स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।