सड़क दुर्घटना में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

मसूरी – विगत रविवार को रात्रि लगभग 10:15 बजे सिविल अस्पताल सैपलिंग स्टेट के निकट सड़क किनारे खड़े एक युवक महिंद्रा पिकअप वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल होगया आसपास के लोगों ने घायल युवक को लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत रविवार रात्रि लगभग 22:16 बजे 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सतीश नाम के व्यक्ति को उसके दोस्त द्वारा मार दिया गया है तथा वह मौके से फरार हो गया है। उक्त सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी, एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, उम्र 28 वर्ष, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई।

प्रारंभिक जानकारी एवं जांच में प्रकाश में आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लण्डौर, मसूरी, जो वाहन संख्या UK07 CD 2926 (महिन्द्रा पिकअप) का चालक था, के साथ कहीं से शराब के नशे में कहीं से आ रहे थे। घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे।

दिनांक 22.11.2026 को सायं लगभग 07:00 से 08:00 बजे के मध्य दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुँचे, जहाँ उनकी किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके पश्चात दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर चले गए तथा कुछ समय बाद वापस आए।

इसके उपरांत वाहन चालक सरजीत वाहन लेकर आगे गया तथा कुछ समय बाद वापस आया। वापस आते समय वाहन तेज गति में था तथा सड़क किनारे खड़े सतीश को संभवत वाहन का किनारा लग गया, जिससे सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के पश्चात आसपास मौजूद लोगों द्वारा घायल सतीश को लण्डौर कम्युनिटी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

उक्त घटना के संबंध में कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR