एमपीजी कॉलेज मसूरी में पहली बार आयोजित हुई बौद्धिक परीक्षा 2.0, 35 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा।

मसूरी, 21 नवंबर। एमपीजी कॉलेज मसूरी में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड की ओर से आयोजित बौद्धिक परीक्षा 2.0 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। महाविद्यालय में पहली बार आयोजित इस परीक्षा में 54 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 35 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।

विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड द्वारा प्रदेशभर में 118 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान, विषयगत समझ एवं विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना था। परीक्षा में कला एवं विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को समाहित करते हुए एक समग्र प्रश्नपत्र तैयार किया गया था। प्रश्नपत्र में 80 बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ एक विस्तृत उत्तर वाला प्रश्न भी सम्मिलित था।

इस परीक्षा में राज्य स्तर पर शीर्ष 10 विद्यार्थियों को मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य एवं संस्थान स्तर पर भी विभिन्न सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

एमपीजी कॉलेज मसूरी में परीक्षा के सफल संचालन हेतु डॉ. रुचि बडोनी सेमवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। परीक्षा का संचालन डॉ. गंगासरन, डॉ. तुषार कंडारी, डॉ. वर्षा, डॉ. भारतेंदु बिष्ट एवं नीलम द्वारा किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उत्साह एवं सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, बौद्धिक विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

परीक्षा के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। महाविद्यालय में पहली बार आयोजित इस परीक्षा को विद्यार्थियों में ज्ञान, चिंतन एवं बौद्धिक जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR