मसूरी कचहरी के सरकारी आवास पर गिरा बोल्डर, बड़ा हादसा होते होते टला, एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण।

मसूरी – विगत रात्रि हुई भारी बारिश के चलते मसूरी कचहरी के निकट सरकारी आवास पर ऊपर पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर गिरने से सरकारी आवास की दीवार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे वहां निवासरत लोगों में हड़कम मच गया।

मसूरी कचहरी में कार्यरत कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार सुबहे लगभग पांच बजे उनके सरकारी आवास में भारी भरकम बोल्डर गिरने से उनके कमरे की दीवार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि दीवार लगभग ढाई फीट मोटी होने के कारण बड़ी जानमाल की हानि नहीं हुई, कहा कि उनकी पत्नी के हाथों में चोटें आई है।

नेगी ने बताया कि कचहरी के सरकारी आवासों में पांच परिवार निवास करते है, इस घटना से सभी लोग दहशत में है। गोविंद नेगी ने बताया कि पूर्व में भी कई बार ऊपर की पहाड़ियों से छोटे छोटे बोल्डर आते रहते है जिससे वहां निवासरत कर्मचारियों के परिवारों को जान माल का खतरा बना रहता है।

उक्त घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल आनंद ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने शीघ्र ही उक्त सरकारी आवासों के पुनर्निर्माण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

गौरतलब है कि उक्त कचहरी के सरकारी आवास ब्रिटिश काल के समय के बने हुए है, लेकिन विगत कई वर्षों से उक्त आवासों की मरम्मत न होने के कारण सभी आवासों की जर्जर स्थिति बनी हुई है।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR