मसूरी – बीती रात हुई तेज मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर मसूरी में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लगातार हुई बारिश के कारण नगर के कई क्षेत्रों में आपदा जैसे हालात पैदा हो गए। नगर पालिका क्षेत्र के भंडारी निवास में भारी बारिश के चलते एक पुस्ता अचानक भरभराकर गिर गया। पुस्ता गिरने से उसके ऊपर खड़ा एक विशाल पेड़ भी टूटकर नीचे स्थित एक मकान पर जा गिरा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान को नुकसान पहुंचा।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी एवं स्थानीय सभासद पवन थलवाल मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासी सुनीता सेमवाल के घर के ऊपर विगत रात्रि भारी बारिश होने के कारण पेड़ गिर गया जिससे मकान को काफी नुकसान हुआ है। कहा कि पेड़ को काटने के लिए वन विभाग व अग्निशमन विभाग को बुलाकर पेड़ कटवा दिया गया है।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने बताया कि स्प्रिंग रोड में भंडारी निवास के निकट पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही फोर्स को भेजकर पेड़ काट दिया गया। घटना स्थल पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी राकेश कुमार, नितिन सिंह चौहान, अभिषेक कुकरेती, देवेंद्र मलिक मौजूद रहे।
