एक बीज हरित भविष्य की नींव है : डॉ० धन सिंह रावत

: कार्यक्रम के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ उदय गौड़, डॉ हितेश नौटियाल को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत एवं जाड़ी (JAADI) संस्था द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मसूरी – बीज बम संवाद कार्यक्रम 2026 के तहत राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत ने माध्यमिक, बेसिक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के विद्यार्थियों को वर्चुअल माध्यम से वर्षा ऋतु में बीज बम तैयार करने का आवाहन किया।

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा सहकारिता मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार, डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड शिक्षा विभाग द्वारा “बीज बम संवाद कार्यक्रम–2026” का गरिमामयी आयोजन वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के माध्यमिक, बेसिक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने प्रत्येक छात्र-छात्रा से कम-से-कम दो स्थानीय (देशज) प्रजातियों के बीज बम तैयार कर वर्षा ऋतु के दौरान वन क्षेत्रों की उपयुक्त रिक्त भूमि पर डालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “एक बीज… हरित भविष्य की नींव” है तथा विद्यार्थियों के छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में उत्तराखण्ड की हरित धरोहर को और अधिक समृद्ध एवं सशक्त बनाएँगे।

उन्होंने कहा कि एक बीज केवल एक पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, समृद्ध जैव विविधता और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। आइए, हम सभी “हर छात्र–एक बीज बम, हर परिवार–प्रकृति का सहयोगी” के संकल्प के साथ इस अभियान को जन-आंदोलन बनाएं और प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा हरित, स्वच्छ, सुंदर एवं समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

प्रदेशभर के विद्यालय एवं शिक्षण संस्थान वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े तथा हजारों विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के इस अभिनव जन-अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ उदय गौड़, डॉ हितेश नौटियाल को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत एवं जाड़ी (JAADI) संस्था द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, निदेशक, बेसिक शिक्षा, प्रो. डी. आर. पुरोहित, डॉ. अरविन्द दरमोड़ा, जाड़ी (JAADI) संस्था के संस्थापक द्वारिका प्रसाद सेमवाल, डॉ. उदय गौड़ (उप प्रभागीय वनाधिकारी), डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी, डॉ मैंदोली तथा डॉ. हेतेश नौटियाल सहित अनेक शिक्षाविद्, पर्यावरणविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR