: मसूरी नगर पालिका की अध्यक्ष मीरा सकलानी व महिला सभासदों ने की सक्रिय सहभागिता।
देहरादून / मसूरी: राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW), नई दिल्ली के तत्वावधान में आज जनपद देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज सभागार में पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायो की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों (EWRs) के क्षमता विकास एवं सशक्तिकरण हेतु एक दिवसीय विशेष कार्यशाला “शी इज अ चेंजमेकर” (She is a changemaker) का सफल आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यशाला की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन मुख्य अतिथि के रूप मे अध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली द्वारा किया गया। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व कौशल को सुदृढ़ करने, नीति निर्माण व निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्यशैली को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित यह कार्यशाला महिला जनप्रतिनिधियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई है। स्थानीय निकाय स्तर पर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और नगर के समग्र विकास मे महिलाएं अपनी अग्रणीय भूमिका निभा रही हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र महिला प्रतिनिधियो मे नीतिगत विषयों की समझ व आत्मविश्वास को एक नया आयाम प्रदान करते हैं।

कार्यशाला में पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के साथ साथ नगर पालिका सभासद गीता कुमाई, नीतू चौहान, गौरी थपलियाल, शिवानी जैरवाण भारती मौजूद रही।
