मसूरी – उच्च न्यायालय उत्तराखंड (नैनीताल) द्वारा रेहड़ी-पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति मसूरी द्वारा दायर रिट याचिका (WPMS/755/2026) पर निर्णय सुनाते हुए नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा की गई समस्त कार्यवाहियों को सही माना है तथा याचिका को निस्तारित (Dispose) कर दिया है। माननीय न्यायालय के इस आदेश से यह स्पष्ट हो गया है कि नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा शहर में वेंडिंग व्यवस्था को लेकर उठाये गए कदम पूरी तरह पारदर्शी, कानूनसम्मत और जनहित में
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि रेहड़ी-पटरी समिति द्वारा उच्च न्यायालय मे याचिका दायर कर टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) के गठन, विक्रेताओं के नए सर्वे और माल रोड पर फड़-फेरी लगाने की मांग की गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिवक्ता श्री ललित मिगलानी द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष पालिका द्वारा की गई पारदर्शी कार्यवाहियो का ब्यौरा रखा गया।
पालिका की ओर से न्यायालय को अवगत कराया गया कि :- टाउन वेंडिंग कमेटी का पुनर्गठन :- नगर पालिका प्रशासन द्वारा नियमानुसार टाउन वेंडिंग कमेटी के पारदर्शी चुनाव संपन्न कराए जा चुके हैं।
निष्पक्ष सर्वे एवं लाइसेंस आवंटन :- स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम के तहत पालिका क्षेत्र मे पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं का सर्वे पूरा कर सभी पात्र वेंडरों को वेंडिंग लाइसेंस निर्गत किए जा चुके
वेंडिंग जोन का चिन्हीकरण :- लाइसेंस धारक व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन का चयन कर लिया गया है, जहा लाइसेंस धारक विक्रेता सुचारू रूप से अपना व्यवसाय कर सकते हैं। न्यायालय ने नगर पालिका मसूरी द्वारा प्रस्तुत तथ्यों को रिकॉर्ड पर लेते हुए माना कि याचिकाकर्ताओं की सभी शिकायतों का नियमानुसार समाधान किया जा चुका है। इसके आधार पर माननीय न्यायालय ने याचिका को निस्तारित कर दिया।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन ने उच्च न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया है। पालिका प्रशासन का कहना है कि नगर पालिका सदैव नियमो के दायरे में रहकर मसूरी की यातायात व्यवस्था, पर्यटकों की सुविधा, माल रोड की सुंदरता और पटरी व्यवसायियों के हितों मे संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। न्यायालय के निर्णय से पालिका की निष्पक्षता और पारदर्शी कार्यशैली सिद्ध हुई है। पालिका प्रशासन ने सभी स्वीकृत लाइसेंस धारक वेंडरों से अपील की है कि वे चिह्नित वेंडिंग जोन में ही अपना व्यवसाय संचालन करें तथा मसूरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में पालिका का सहयोग करें।
