देवीय आपदा को लेकर भाजपा कांग्रेस में तकरार।

मसूरी – विगत 3 दिन पूर्व देहरादून जिले में आई देवीय आपदा को लेकर भाजपा कांग्रेस में तकरार बढ़ गई है दोनों दलों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए।

भगत सिंह चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भाजपा का आपदा के दौरान भी फोटो शूट का कार्य चल रहा है अभी तक आपदा पीड़ितों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। कहा कि मखडेती में आई भीषण आपदा के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी वहां नहीं पहुंचे। सरकार को इस दौरान धरातल पर कार्य करना चाहिए गुप्ता ने कहा कि देहरादून मसूरी मार्ग अभी खतरनाक स्थिति में बना हुआ है, वहीं पिछले 15 सालों में गणेश जोशी द्वारा कोई विकास कार्य नहीं किया गया है। उन्होंने जोशी द्वारा देहरादून के डीएम के साथ किए गए दुर्व्यवहार व उन पर लगे घोटालों के आरोपों को देखते हुए उनसे नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की है। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मेघ सिंह कंडारी, महेश चंद, राजेश मल्ल, वसीम खान, राजीव अग्रवाल, महिमानंद आदि मौजूद रहे।

वहीं दूसरी ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कुलड़ी बाजार स्थित एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर अपने कार्यकाल में आई आपदाओं में कार्य न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के अथक प्रयासों से मात्र 24 घंटे में शिव मंदिर के पास वैली ब्रिज तैयार कर देहरादून मसूरी मार्ग खोला गया जिससे पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को सुविधा मिल सके। रजत ने कहा कि मखडेती में आई भीषण आपदा में सर्वप्रथम नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी व भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी पहुंची और आपदा पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। कहा कि जिलाधिकारी द्वारा आपदा के समय एक जनप्रतिनिधि का फोन रिसीव न करना दुर्भाग्यपूर्ण है कांग्रेस इसे बेवजह मुद्दा बना रही है। कहा कि भाजपा सरकार आपदा की घड़ी में धरातल पर कार्य कर जनता के साथ खड़ी है। पत्रकार वार्ता में मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान, उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, मीडिया प्रभारी जगजीत कुकरेजा, गुडमोहन राणा, विजय बिंदवाल मौजूद रहे।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR