मसूरी – विगत रात्रि से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मलबा आने से झड़ीपानी टोल के निकट वहां रह रहे मजदूरों की झोपड़ियां दब गई जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कंवर ने बताया कि झड़ीपानी टोल के निकट भारी वर्षा के कारण मलबा आ गया है, जिससे मजदूरों की झोपड़ियाँ दब गई हैं।
उक्त सूचना पर रात्रि अधिकारी चिता कुलड़ी लंढौर तथा पर्याप्त पुलिस बल आपदा उपकरणों सहित तत्काल मौके पर रवाना किया गया। मौके पर जाकर पाया गया कि लगातार भारी वर्षा के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिसमें नेपाली मूल के मजदूरों की झोपड़ियाँ क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना में दो व्यक्ति मलबे में दब गए थे। स्थानीय व्यक्तियों की सहायता से दोनों को बाहर निकाला गया, जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। घायल को तत्काल स्थानीय व्यक्तियों की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी भेजा गया। मृतक का शव सिविल अस्पताल मोर्चरी में रखा गया है तथा पंचायतनामा की कार्यवाही की जा रही है।
घायल का विवरण –
अर्जुन, निवासी – झड़ीपानी टोल, मसूरी, उम्र – 40 वर्ष।
मृतक का विवरण –
राम बहादुर, निवासी – झड़ीपानी टोल, मसूरी, उम्र – 41 वर्ष।
*पुलिस की अपील*
बरसात के दौरान मसूरी क्षेत्र में लगातार भूस्खलन एवं मलबा आने की घटनाएँ घटित हो रही हैं। अतः थाना मसूरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि—
• भारी वर्षा के समय पहाड़ी ढलानों व मलबा संभावित स्थानों पर अनावश्यक न रुकें।
• झुग्गी/अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।
• किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना तुरंत पुलिस/प्रशासन को दें ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।