: माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक योगा प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध किया।
मसूरी – केंद्रीय विद्यालय लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में वार्षिक खेलकूद दिवस का उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशुम शर्मा कलसी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ चारों सदनों शिवाजी, टैगोर, अशोक एवं रमन सदन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्चपास्ट से हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकता एवं खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा लेज़ियम का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक योग प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विभागों के विद्यार्थियों के लिए 70 मीटर, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ तथा 200 मीटर रिले दौड़ का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अंशुम शर्मा कलसी ने अपने उद्बोधन में खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेल न केवल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। समग्र रूप से वार्षिक खेलकूद दिवस अत्यंत उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायक एवं सफल रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामूहिक सहभागिता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
