मसूरी – नगर पालिका परिषद, मसूरी के टाउन हॉल मे ं आज टाउन वेंडिंग समिति (TVC) की बैठक अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता मे आयोजित की गई। बैठक में स्ट्रीट वेंडरों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्राप्त नए स्ट्रीट वेंडिंग आवेदनो ं की समीक्षा की गई तथा पात्र आवेदकों को सत्यापित विक्रेता सूची (Verified Vendor List) में शामिल करने पर विचार किया गया। साथ ही नगर विक्रय समिति में स्ट्रीट वेंडर प्रतिनिधियो ं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की प्रक्रिया, मतदाता सूची, पंजीकरण प्रक्रिया एवं चुनाव की समय-सारिणी को अंतिम रूप दिया गया। समिति द्वारा शहर में वेंडिंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन नए वेंडर जोन चिन्हित किए गए हैं। जिनमें मसूरी झील, किताब घर बस अड्डे के ऊपर, कैमल बैक रोड शामिल है।

अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पूर्व में सत्यापित 115 वेंडरों की सूची में 8 नए आवेदनों को सम्मिलित किया गया, जिससे कुल सत्यापित वेंडरों की संख्या 130 हो गई। बैठक मे टीवीसी सदस्यता हेतु निर्धारित पात्रता शर्तों पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही नामांकन एवं निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया जिसके तहत नामांकन पत्र वितरित किए जाने की तिथि – 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक, नामांकन जमा किए जाने की तिथि – 2 एवं 3 अगस्त, 2026, जांच (स्क्रूटनी) एवं अंतिम सूची जारी करने की तिथि – 04 अगस्त, 2026, मतदान – 05 अगस्त 2026 को प्रातः 11.00 बजे एवं सायं 5.00 बजे मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।
टीवीसी समिति सदस्यता के लिए शर्ते निम्नवत रखी गई है जिनमें आवेदक टीवीसी (TVC) द्वारा लाइसेंस धारक होना चाहिए, आवेदक के खिलाफ किसी थाना या न्यायालय में कोई वाद दर्ज न हो, आवेदक द्वारा पालिका या सरकारी भूमि पर अतिक्रमण (कब्जा) न किया गया हो, आवेदक पर पालिका का कोई टैक्स (कर) बकाया न हो, आवेदक द्वारा स्वयं प्रमाणित (Self&attested) पत्र देना अनिवार्य होगा।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी राहुल आनंद, एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक सहित टीवीसी मेंबर गीता भट्ट, अंजना ढौंडियाल, मुरारी, दानिश, शहजाद, रुचि रावत सहित भारी संख्या में पटरी व्यवसायी मौजूद रहे।
