विभागीय लापरवाही के चलते खुले में बह रहा है सीवर 24 परिवार हो रहे हैं प्रभावित संक्रमण फैलने का बढ़ रहा है खतरा।

मसूरी – कुलड़ी बाज़ार स्थित वार्ड नंबर 7 के हीरा भवन, राम भवन कुलड़ी से सराय जाने वाली सीवर लाइन एवं क्लिफ कॉटेज में सीवर की समस्या बनी हुई है जिससे क्षेत्र में सीवर की दुर्गंध के चलते संक्रमित बीमारियां होने का खतरा बना हुआ है।

क्षेत्रीय सभासद अमित भट्ट ने बताया कि पिछले 8 महीने से ज्यादा समय से हीराभवन, राम भवन व क्लीफ कॉटेज के स्थानीय निवासियों द्वारा जल निगम को यह सीवर लाइन दुरुस्त करने अथवा नई लाइन डालने की मांग की जा रही है। लगभग 6 महीने पहले इसका स्थलीय निरीक्षण स्थानीय सभासद अमित भट्ट एवं जल निगम के अधिकारी ए.ई. व जे.ई. द्वारा किया गया था जिसका कार्य प्रारंभ भी हो गया था किंतु अचानक हमें बताया गया की टेंडर कैंसिल होने की वजह से कार्य रुक गया है।

सभासद अमित भट्ट ने बताया कि यह हाल हर दूसरे तीसरे दिन पर होता है जिससे स्थानीय निवासियों को गंभीर बीमारी एवं बच्चों को संक्रमण होने का खतरा बना हुआ है स्कूल के बच्चों एवं जॉब करने वाले लोगों को जूते में प्लास्टिक बांधकर आना-जाना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है की अगर 15 दिनों के अंदर तीनों कार्यों का टेंडर नहीं होता है एवं कार्य प्रारंभ नहीं होता है तो सभी स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर पिक्चर पैलेस चौक में धरना प्रदर्शन व पुतला दहन किया जाएगा! इसी के साथ जल निगम के अधिकारियों का मसूरी में बहिष्कार किया जाएगा।

Vimal Nawani
Vimal Nawani

CHIEF EDITOR