: नालो एवं कलवटों पर अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए दिया सात दिन का समय, यदि 10 दिन में अतिक्रमण नहीं हटाया तो होगी कड़ी विभागीय कार्रवाई – नगर पालिका अध्यक्ष
मसूरी – पर्यटन सीजन और आने वाले मानसून सीजन को देखते हुए नालो एवं कलवटों पर किए गए अवैध अतिक्रमण का नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, जल निगम, यूपीसीएल, नगर पालिका के अधिकारियों के साथ माल रोड सहित अन्य क्षेत्रों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।

गौरतलब है कि बारिश एवं मानसून सीजन के दौरान माल रोड सहित कई अन्य स्थानों पर जल निकासी विधिवत रूप से नहीं होने के कारण कई जगह जल भराव हो जाता है जिससे स्थानीय निवासियों सहित पर्यटकों को आवागम में भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान पूरी माल रोड स्थित नालों एवं कलवटों का गहन जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त, लाइब्रेरी से किंग क्रेग एवं मैसोनिक लॉज तक के क्षेत्रों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण मे पाया गया कि अनेक स्थानो पर होटल संचालकों एवं निजी भू-स्वामियो द्वारा नालों और कलवटों पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया गया है, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही है एवं आने वाले बरसाती सीजन में सभी को इन की वजह से अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ सकता हैं।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमणकारियों को 07 दिन का समय दिया गया है कि वे स्वयं ही सार्वजनिक नालो और कलवटो अपना अतिक्रमण हटा लें। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि (07 दिन) के भीतर अतिक्रमण नही हटाया गया, तो 10 दिनो के पश्चात नगर पालिका द्वारा विभागीय एवं विधिक कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी एवं जुर्माना भी वसूला जाएगा।

इस मौके पर अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, पालिका सहायक अभियंता रजत नेगी, पीडब्लूडी के सहायक अभियंता शिवराज सिंह लोधियाल, यूपीसीएल के अवर अभियंता मनोज पंवार, वीरेंद्र बिष्ट सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
