लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब इस्तीफों की झड़ी लगती दिख रही है। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से महज एक सीट पर सिमटने वाली ग्रैंड ओल्ड पार्टी के अगली कतार के नेता सकते में हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी की कमान संभालने वाले राज बब्बर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को इस्तीफा भेज दिया है। इससे पहले ट्वीट के जरिए भी उनकी निराशा साफ तौर पर झलकी। कभी सपा के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचने वाले राज बब्बर लंबे समय से कांग्रेस में हैं। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी तो संभालते हैं लेकिन खुद अपनी सीट, फतेहपुर सीकरी से हार गए। वो भी कोई छोटे-मोटे अंतर से नहीं। पूरे 4 लाख 95 हजार वोट के अंतर से। वहीं इससे पहले गुरुवार शाम ये खबर भी आई कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफे की पेशकश की है। राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के ठीक बाद जब इस तरह की बातें फैली तो रणदीप सुरजेवाला बचाव में उतरे। उन्होंने इस्तीफे की खबरों को बेबुनियाद बताया।
